बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के विरोध में छात्र सभा ने तेज किया आंदोलन
हस्ताक्षर अभियान चलाकर छात्रों से मांगा समर्थन, फीस वापस लेने की मांग
बरेली। बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार को छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर विद्यार्थियों से समर्थन जुटाया। छात्रों ने फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ी हुई फीस से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
छात्र नेताओं के अनुसार, फीस वृद्धि के विरोध में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से बढ़ी हुई फीस पर पुनर्विचार कर छात्रों को राहत देने की मांग की।
इससे पहले भी समाजवादी छात्र सभा फीस वृद्धि, प्रवेश प्रक्रिया में कथित विसंगतियों और अन्य छात्र समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रशासन के सामने प्रदर्शन कर चुकी है। छात्रों ने फीस वृद्धि वापस लेने के साथ प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और छात्र सुविधाओं में सुधार की मांग भी उठाई थी।
छात्र नेता हरदेयेश यादव ने कहा कि फीस वृद्धि से पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कॉलेज प्रशासन को छात्रहित में बढ़ी हुई फीस तत्काल वापस लेनी चाहिए। यदि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक छात्रों से हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की।
छात्र नेताओं ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। फीस और प्रवेश को लेकर कॉलेज प्रशासन और छात्र नेताओं के बीच पहले भी तीखी बहस हो चुकी है।




