bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

मुकेश के गीतों से सजी श्रद्धांजलि सभा, प्रो. एसके शर्मा बने सर्वश्रेष्ठ गायक

50वीं पुण्यतिथि पर कलाकारों ने सुनाए सदाबहार नगमे, गीतों ने बांधा समां

बरेली। महान गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में शनिवार को महानगर कॉलोनी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने मुकेश के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र भारती ने मुकेश के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद गीतों का सिलसिला शुरू हुआ। डॉ. प्रमिला शर्मा ने “मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने” प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। इंद्रदेव त्रिवेदी की “चंदन सा बदन” की प्रस्तुति ने माहौल को भावुक कर दिया।
मुकेश सक्सेना ने “तौबा ये मतवाली चाल” सुनाकर तालियां बटोरीं, जबकि हेमंत शर्मा के “ये मेरा दीवानापन है” को भी श्रोताओं ने खूब पसंद किया। प्रकाश चंद्र सक्सेना ने “जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां” प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने “जो तुमको हो पसंद वही बात करेंगे” सुनाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया।
प्रो. एसके शर्मा ने “ओ महबूबा, ओ महबूबा”, शोभा सक्सेना ने “सजन रे झूठ मत बोलो” और अरुणा सिन्हा ने “एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल” प्रस्तुत कर मुकेश की गायकी की यादें ताजा कर दीं।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट गायन के लिए प्रो. एसके शर्मा को सर्वश्रेष्ठ गायक के सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशांत सक्सेना और कमल भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किया।

Related Articles

Back to top button