bareillyuttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रभारियों ने झोंकी ताकत, बूथ स्तर पर बढ़ाई सक्रियता

रामनगर में बूथ प्रभारियों को दिए चुनावी मंत्र, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर जोर

बरेली। बरेली-मुरादाबाद मंडल शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पार्टी के प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना, ठाकुर प्रमोद सिंह और कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने रामनगर ब्लॉक पहुंचकर बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान पार्टी प्रत्याशी दानिश अख्तर को जिताने की रणनीति पर मंथन किया गया और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग भाजपा सरकार से त्रस्त है। कार्यकर्ताओं को अपनी बात मतदाताओं तक पहुंचानी होगी। उन्होंने दावा किया कि यदि पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से जमीन पर काम करें तो सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर की जीत तय है।
प्रभारी ठाकुर प्रमोद सिंह ने कहा कि जो मतदाता अभी तक वोटर सूची में शामिल होने से रह गए हैं, उन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। नए वोट अभी बनाए जा रहे हैं, इसलिए सभी बूथ प्रभारी और कार्यकर्ता पूरी सजगता के साथ मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के काम में जुटें। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जनता तैयार है, लेकिन इसके लिए कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर मेहनत करनी होगी।
कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने मदरसा शिक्षकों के मतदाता बनने के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में मदरसा शिक्षक हैं, लेकिन कई के वोट अभी नहीं बने हैं। सरकारी अंशदान पर रोक के कारण मदरसों की स्थिति दयनीय होने का दावा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से मदरसा शिक्षकों के वोट बनवाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक में प्रभारी विजेन्द्र यादव, डॉ. इन्द्रपाल यादव, शांति सिंह, रामधीर सागर, आकील खान, शब्बीर हाफिज, राजेन्द्र पांडेय, सद्दाम अब्बासी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद बरेली शहर के रिक्खी सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज बूथ प्रभारियों की बैठक आकाश पुरम स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें ठाकुर प्रमोद सिंह और संजीव कुमार सक्सेना ने बूथ प्रभारियों से नए मतदाताओं के वोट बनवाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सैय्यद जमीर अहमद, नरेश पटेल, जितेन्द्र मुंडे, ओमपाल प्रजापति, केपी राठौर, युधिष्ठिर राठौर, मोहम्मद आरिफ आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button