Ghaziabaduttar pradeshराष्ट्रीय

शिकायतों का असर, जेई का तबादला

बिजली कटौती से बेहाल वार्ड-37 में पार्षद रवि भाटी की मुहिम रंग लाई

गाजियाबाद/लायक हुसैन (आप अभीतक)। वार्ड-37 में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर उठाई गई आवाज आखिरकार विद्युत विभाग तक असरदार तरीके से पहुंची। क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और विद्युत अव्यवस्थाओं को लेकर पार्षद रवि भाटी की ओर से की गई लगातार शिकायतों के बाद विक्रम एन्क्लेव बिजली घर पर तैनात जेई प्रवेन्द्र का तबादला कर दिया गया है। कई महीनों से क्षेत्रवासी बिजली की आंख-मिचौली से थे परेशान। कभी बार-बार ट्रिपिंग तो कभी घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। छाबड़ा कॉलोनी, पप्पू कॉलोनी, बच्चा कॉलोनी, हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, विक्रम एन्क्लेव एक्सटेंशन, शालीमार गार्डन मेन के ए और बी ब्लॉक, विक्रम एन्क्लेव, डीएलएफ और जवाहर पार्क समेत कई इलाकों में बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी थी।

सिर्फ कटौती नहीं, व्यवस्था पर भी उठे सवाल

पार्षद रवि भाटी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष केवल बिजली कटौती का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि जर्जर विद्युत ढांचे की ओर भी ध्यान खींचा। क्षेत्र में कई खंभे गल चुके हैं और टेढ़े होकर खड़े हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं, जबकि विद्युत तार भी नीचे तक लटके हुए हैं। ऐसे हालात में किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। रवि भाटी ने इन समस्याओं को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क किया और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की। लगातार शिकायतों के बाद जेई प्रवेन्द्र का तबादला विभागीय स्तर पर हुई कार्रवाई के रूप में सामने आया है।

‘लापरवाही हुई तो फिर उठेगी आवाज’

पार्षद रवि भाटी ने कहा कि जनता की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
‘बिजली जैसी बुनियादी सुविधा में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी’ उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य क्षेत्र के जर्जर खंभों को बदलवाना, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़वाना और लटकते तारों को दुरुस्त कराना है। इसके लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाएगा। रवि भाटी ने साफ संदेश दिया कि वार्ड की जनता की समस्याओं पर आवाज उठती रहेगी और जब तक समाधान नहीं होगा, जिम्मेदार विभागों के सामने मुद्दा मजबूती से उठाया जाता रहेगा।

Related Articles

Back to top button