कैनाल फ्रंट से संवरेगा ग्रेटर बरेली
जलधारा के किनारे बनेंगे वॉकवे और जॉगिंग ट्रैक
बरेली। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने कैनाल फ्रंट विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। सेक्टर एक हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर दो शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजरने वाली जलधारा के दोनों किनारों को विकसित कर यहां शहरवासियों के लिए मनोरंजन, फिटनेस और प्रकृति से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पीलीभीत रोड किनारे विकसित होने वाले कैनाल फ्रंट में जलधारा के दोनों ओर पैदल पथ, साइकिलिंग मार्ग और जॉगिंग ट्रैक बनाए जाएंगे। सुबह की सैर और फिटनेस के लिए यह स्थान खास आकर्षण का केंद्र बन सकता है। परिवारों और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, झूले, विश्राम स्थल और फूड कोर्ट भी विकसित किए जाएंगे।
फूलों और रोशनी से सजेगा कैनाल फ्रंट
कैनाल फ्रंट के दोनों किनारों पर हरियाली, फूलों और आकर्षक उद्यानों को विकसित किया जाएगा। जलधारा में आधुनिक फव्वारे और थीम आधारित प्रकाश व्यवस्था लगाने की भी योजना है। बीडीए का मानना है कि यह स्थान शहरवासियों के साथ पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
हर साल होगी पुष्प प्रदर्शनी
भविष्य में कैनाल फ्रंट को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां प्रतिवर्ष पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना है, जिसमें सामाजिक संस्थाओं, उद्यान विशेषज्ञों और पर्यावरण प्रेमियों की भागीदारी होगी।
कला, खेल और ज्ञान का दिखेगा मेल
कैनाल फ्रंट में प्रकृति और मनोरंजन के साथ कला एवं ज्ञान से जुड़ी थीम आधारित संरचनाएं भी बनाई जाएंगी। यहां पक्षी और पशु जगत के साथ क्रिकेट बैट, शटलकॉक और ग्लोब जैसी आकृतियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार, ग्रेटर बरेली को आधुनिक, सुंदर और नागरिक केंद्रित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां जलधारा, हरियाली, फूल, फव्वारे, प्रकाश, खेल और मनोरंजन की सुविधाओं को एक साथ विकसित किया जाएगा।




