मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 20 किलो गांजे के साथ पकड़े दो तस्कर
गाजियाबाद। थाना साहिबाबाद ने शुक्रवार को 20 किलो 600 ग्राम ड्रग्स के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी हिण्डन नदी के किनारे बालाजी बिहार के पास ड्रग्स लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पाल (30), निवासी रामनगर, अर्थला और अमित कुमार (33), निवासी इटावा, हाल निवासी अर्थला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ साहिबाबाद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के आसपास एक व्यक्ति से ड्रग्स खरीदकर लाते थे। दोनों उस व्यक्ति को नहीं जानते थे। रेलवे स्टेशन के आसपास मिलने वाला व्यक्ति उन्हें कम कीमत में ड्रग्स उपलब्ध कराता था। इसके बाद दोनों ड्रग्स को एनसीआर में ज्यादा कीमत पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, इससे मिलने वाले मुनाफे से दोनों अपने शौक पूरे करने के साथ घर का खर्च भी चलाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी ड्रग्स लेकर साहिबाबाद पहुंचे थे। दोनों हिण्डन नदी के किनारे बालाजी बिहार के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली। स्वाट टीम और साहिबाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 किलो 600 ग्राम ड्रग्स बरामद की है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ साहिबाबाद थाने में पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं, अमित कुमार के खिलाफ भुवनेश्वर, गुरुग्राम और दिल्ली में भी केस दर्ज बताए गए हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तीन और पॉक्सो एक्ट का एक मामला शामिल है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।




