bijnoruttar pradeshकैम्पसराष्ट्रीय

जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में इशिका पंडित प्रथम

बिजनौर। राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान, प्रयागराज के तत्वावधान में राजा ज्वाला प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज बिजनौर में जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ रहा।
संगोष्ठी का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सक्सेना, प्रधानाचार्य गय्यूर आसिफ और विज्ञान समन्वयक सुधांशु कुमार वत्स ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में जनपद के 16 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए विषय पर छह मिनट का व्याख्यान प्रस्तुत किया। व्याख्यान के बाद निर्णायकों ने प्रत्येक प्रतिभागी से तीन-तीन प्रश्न पूछकर मूल्यांकन किया।
निर्णायक मंडल में वर्धमान कॉलेज बिजनौर के भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. अनुज नेहरा और रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. सौरभ अहलावत शामिल रहे। प्रतियोगिता में मूर्ति देवी कन्या इंटर कॉलेज नजीबाबाद की इशिका पंडित ने प्रथम तथा महात्मा गांधी इंटर कॉलेज मंडावर की कुमारी मरियम सिद्दीकी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान समन्वयक सुधांशु कुमार वत्स ने बताया कि प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली दोनों छात्राएं 22 अगस्त को हिंदू मॉडल कॉलेज, मुरादाबाद में आयोजित मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
संगोष्ठी का संचालन मनोज कुमार यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में उपप्रधानाचार्य वालेश कुमार, अतुल रस्तोगी, तेजपाल सिंह, मोहम्मद अनस, सत्य प्रकाश गंगवार, डॉ. सुनील बाबू और सचिन भारद्वाज का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button