bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

बरेली में 14 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली

12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी होंगे शामिल

बरेली। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत बरेली में अग्निवीर भर्ती रैली 14 सितंबर से शुरू होगी। जाट रेजिमेंट सेंटर में 30 सितंबर तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया में बरेली समेत 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे।
भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
रैली में बरेली के अलावा बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नगर निगम की ओर से बायो टॉयलेट, पानी के टैंक, डस्टबिन और सफाई कर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। रोडवेज बसों पर भर्ती संबंधी फ्लैक्स लगाने और अग्निशमन विभाग को भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भर्ती में बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सेना के अधिकारियों ने भी भर्ती प्रक्रिया के दौरान पुलिस-प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा की है।

Related Articles

Back to top button