bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

बरेली की ‘वीरांगनाओं’ की गूंज यूपी पुलिस एंथम में

 अमिताभ बच्चन ने किया सलाम

बरेली। बरेली पुलिस की महिला कमांडो यूनिट ‘वीरांगना’ ने जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के नए आधिकारिक गीत में एसपी साउथ आईपीएस अंशिका वर्मा की अगुवाई वाली वीरांगना यूनिट को प्रमुखता से जगह दी गई है। करीब साढ़े छह मिनट के इस पुलिस एंथम में प्रदेश पुलिस के शौर्य, कर्तव्य और विभिन्न अभियानों की झलक दिखाई गई है।
यूपी पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट से साझा किए गए इस वीडियो को महानायक अमिताभ बच्चन ने भी रिट्वीट कर पुलिसकर्मियों के साहस को सलाम किया। उन्होंने खाकी वर्दी में सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को जमीन पर चमकते सितारों के रूप में सराहा।पुलिस एंथम में महाकुंभ-2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस-2026 तक यूपी पुलिस की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों को दर्शाया गया है। वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी राजीव कृष्ण समेत पुलिस विभाग के कई प्रमुख चेहरे दिखाई देते हैं।
गीत को अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन के स्वर और संगीत तथा प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्दों ने खास अंदाज दिया है।

प्रदेश की पहली महिला कमांडो यूनिट को मिली पहचान

वीरांगना यूनिट की खासियत यह है कि इसमें विशेष कमांडो प्रशिक्षण प्राप्त महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। इसे प्रदेश की पहली महिला एसओजी के रूप में भी पहचान मिली है। गठन के बाद यूनिट ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परिस्थितियों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
बरेली में सितंबर 2025 में हुए उपद्रव के दौरान भी वीरांगना यूनिट ने कानून-व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। अब यूपी पुलिस के आधिकारिक गीत में स्थान मिलने से बरेली की इस महिला कमांडो यूनिट को प्रदेशभर में नई पहचान मिली है।
बरेली की वीरांगनाओं का यह सम्मान महिला पुलिसकर्मियों के बढ़ते आत्मविश्वास और पुलिस बल में उनकी मजबूत भूमिका का भी प्रतीक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button