कर्तव्य, ईमानदारी और सादगी की सशक्त पहचान हैं आईपीएस राजेश कुमार
मेरठ में Jumble Frames Studio के चेयरमैन असद हुसैन ने किया सम्मान, प्रेरक संदेश ने छोड़ी गहरी छाप

गाजियाबाद/मेरठ (आप अभीतक)। कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान केवल उनके पद से नहीं, बल्कि उनके चरित्र, कार्यशैली और मानवीय मूल्यों से होती है। कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, निर्भीकता, सादगी और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण जब किसी अधिकारी के व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा बन जाए, तो वह लोगों के लिए केवल एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि प्रेरणा, विश्वास और सम्मान का पर्याय बन जाता है। ऐसे ही व्यक्तित्व के धनी हैं आईपीएस राजेश कुमार, जो वर्तमान में 44वीं बटालियन पीएसी, मेरठ में सेनानायक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अपने शांत, सौम्य और सहज स्वभाव के साथ निष्पक्ष कार्यशैली तथा जनहित को सर्वोपरि रखने की सोच ने राजेश कुमार को आमजन के बीच एक अलग पहचान दिलाई है। उनके व्यक्तित्व में प्रशासनिक दृढ़ता और मानवीय संवेदनाओं का ऐसा संतुलन दिखाई देता है, जो हर मिलने वाले को प्रभावित करता है। यही कारण है कि विभिन्न क्षेत्रों से लोग उनसे मिलने पहुंचते हैं और सम्मानित कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं। यह सम्मान उनके पद का नहीं, बल्कि उनकी सादगी, संस्कारों और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान है। इसी क्रम में Droit Bharat मीडिया के चेयरमैन एवं दैनिक आप अभीतक समाचार पत्र के समाचार संपादक लायक हुसैन के पुत्र तथा Jumble Frames Studio के चैयरमैन असद हुसैन ने मेरठ पहुंचकर आईपीएस राजेश कुमार का सम्मान किया। यह मुलाकात औपचारिकता से कहीं अधिक आत्मीयता और प्रेरणा से भरपूर रही।
इस अवसर पर आईपीएस राजेश कुमार ने असद हुसैन को जीवन में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, ईमानदारी को अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानने, कठिन परिश्रम को सफलता का आधार बनाने तथा समाज के प्रति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल ऊंचे पद या उपलब्धियां हासिल करने में नहीं, बल्कि अपने व्यवहार, कर्म और चरित्र से लोगों के दिलों में सम्मान अर्जित करने में निहित होती है। जब व्यक्ति अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाता है, तभी उसका जीवन वास्तव में सार्थक बनता है। आईपीएस
राजेश कुमार के प्रेरणादायी विचारों से भावुक हुए असद हुसैन ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें एक वरिष्ठ अधिकारी ही नहीं, बल्कि पिता समान मार्गदर्शक का स्नेह, आशीर्वाद और जीवनोपयोगी सीख प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगी और वे सदैव उनके बताए आदर्शों एवं सिद्धांतों का अनुसरण करने का प्रयास करेंगे।
यह आत्मीय भेंट इस सत्य को भी स्थापित करती है कि प्रशासनिक दायित्वों की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद भी यदि कोई अधिकारी अपनी सादगी, संवेदनशीलता, विनम्रता और मानवीय मूल्यों को जीवंत रखे, तो वह केवल कानून-व्यवस्था का संरक्षक नहीं रहता, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा, विश्वास और नैतिक नेतृत्व का जीवंत उदाहरण बन जाता है। आईपीएस राजेश कुमार का व्यक्तित्व इसी आदर्श का सशक्त प्रतिबिंब है, जो युवा पीढ़ी को ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।



