हरनंदीपुरम योजना के विरोध में किसानों की पंचायत, GDA पर तानाशाही का आरोप
हरनंदीपुरम योजना के विरोध में किसानों की पंचायत, GDA पर तानाशाही का आरोप

गाजियाबाद में नई टाउनशिप हरनंदीपुरम योजना को लेकर रविवार को क्षेत्र के किसानों की मथुरापुर में पंचायत हुई, जिसमें योजना का विरोध करते हुए अधिकारियों पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए रोष जताया। पंचायत में निर्णय लिया गया कि पूरे मामले को लेकर किसान मंडलायुक्त से मिलेंगे।
पंचायत में किसानों ने कहा कि जीडीए अधिकारियों को पंचायत की सूचना मिली तो उन्होंने किसानों पर खनन का झूठा आरोप लगाते हुए खेतों में आने से रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान जीडीए के ओएसडी, तहसीलदार व अन्य अधिकारी और कर्मचारियों ने किसानों व उनके परिवार के लोगों के साथ अभद्रता की। ओएसडी पर किसानों को जमीन जीडीए की बताई गई और पुलिस बुलाकर जेल भेजने की धमकी दी।
आरोप है कि किसानों को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया गया। पंचायत में निर्णय लिया गया कि किसान किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे और जीडीए द्वारा बनाए जा रहे दबाव का डटकर विरोध करेंगे।
वहीं, पंचायत में दक्ष नागर, अमित प्रधान, भल्ला चौधरी, मनंतराम नागर, अजय चौधरी, कृष्णपाल चौधरी, पप्पू प्रधान, इंद्रपाल चौधरी, केके त्यागी, मनोज पाल, राजू चौधरी आदि उपस्थित रहे।



