गाजियाबाद के मुरादनगर में छत पर चढ़ी नीलगाय, देखने के लिए लगी भीड़, चार घंटे बाद बड़ी मुश्किल से उतारा
घर की छत पर चढ़ी नीलगाय को चार घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित उतार लिया गया।
उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में शुक्रवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। एक नीलगाय किसी तरह मोहल्ला महाजनान के राधाकृष्ण बड़ा मंदिर के पास बने घर की छत पर चढ़ गई। सूचना फैलते ही भीड़ जुटी, अफरातफरी मची पर चार घंटे चले अभियान के बाद गौ रक्षा दल कार्यकर्ताओं और वन विभाग की टीम ने उसे छत से सुरक्षित नीचे उतार लिया।
दोपहर के समय पंडित रामनिवास शर्मा के घर की छत पर लोगों को एक बड़ी नीलगाय खड़ी दिखी। लोग हैरान रह गए और और उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। नीलगाय नीचे आने का नाम नहीं ले रही थी, ऐसे में मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही गौ रक्षा दल के जिला अध्यक्ष गुलशन राजपूत टीम के साथ पहुंचे और वन विभाग, पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद रस्सी और जाल की मदद से करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद नीलगाय को नीचे उतार लिया।

नीलगाय ने नहीं मचाया उत्पात
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह नीलगाय पास में रहने वाले अर्जुन त्यागी की पालतू थी, उनके निधन के बाद यह मोहल्ले में ही घूमती रहती है। आस-पास के लोग ही इसे खाना पानी देते हैं। मोहल्ले के सभी लोगों को यह पहचानती है, इसी कारण इसने किसी तरह का उत्पात नहीं मचाया और शांत रही।
गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष गुलशन राजपूत ने कहा कि नीलगाय जंगली जानवर होते हुए भी शांत रही। हमारी प्राथमिकता थी कि उसे बिना नुकसान के सुरक्षित उतारा जाए। इस दौरान यश शर्मा, राहुल कर्ण और राजकुमार शर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने पूरी टीम की सराहना की।



