Ghaziabad

लखनऊ में सीएम से मिले गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा,

गाजियाबाद शहर के विधायक संजीव शर्मा ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद गाजियाबाद में हाउस टैक्स की दरें कम होने की उम्मीद जगी है। विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री से गाजियाबाद में हाउस टैक्स की दरों को कम करने का अनुरोध किया,

नगर निगम द्वारा डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर बढ़ाए जाने का शहरवासी विरोध कर रहे हैं। नगर निगम ने सदन से बढ़े संपत्ति कर के प्रस्ताव को निरस्त किए जाने के बाद भी संपत्ति कर की दर नहीं घटाई है। इससे शहरवासी परेशान हैं।

इस मुद्दे को लेकर शहर विधायक संजीव शर्मा ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और नगर निगम द्वारा संपत्ति कर की दर में की गई बढ़ोत्तरी को कम करने की मांग की है। उम्मीद है कि जल्द ही मुख्यमंत्री करदाताओं के हक में निर्णय ले सकते हैं।

नगर निगम गाजियाबाद के पांच जोन में छह लाख से अधिक करदाता हैं। संपत्ति कर की दर में बढ़ोत्तरी के कारण करदाताओं की जेब पर भार पड़ा है, कई गुना संपत्ति कर बढ़ा दिया गया है। इस वजह से बड़ी संख्या में करदाताओं ने अभी संपत्ति कर जमा नहीं किया है। संपत्ति कर की दर को बढ़ाए जाने के विरोध में हाई कोर्ट में भी मामला लंबित है।

शहर विधायक संजीव शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनको नगर निगम द्वारा की गई संपत्ति कर की दर में वृद्धि के कारण शहरवासियों के अंदर जो रोष है, उसके बारे में विस्तार से बताया है। उनको बताया गया कि कई गुना टैक्स बढ़ाया गया है, इसमें संशोधन किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह इस संबंध में नगर विकास विभाग के अधिकारियों और मंत्री के साथ बैठक करेंगे, टैक्स को कम करने के लिए जल्द ही निर्देश जारी करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button