information
उदयपुर के डॉक्टर इकबाल सक्का ने रचा नया इतिहास! बनाई दुनिया की सबसे छोटी 25 चांदी की हॉकी और गेंदें
उदयपुर के विश्व रिकॉर्डधारी स्वर्ण शिल्पी डॉक्टर इकबाल सक्का ने भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर 25 चांदी की सबसे छोटी हॉकी और 25 गेंदें बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया है
देश के मशहूर स्वर्ण शिल्पी और विश्व रिकॉर्डधारी डॉक्टर इकबाल सक्का ने एक बार फिर अपनी अद्भुत कला से सबको हैरान कर दिया है. भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उन्होंने सोने-चांदी की कारीगरी से एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड बनाया है. डॉक्टर सक्का ने भारतीय हॉकी के 1925 से 2025 तक के सौ साल पूरे होने पर, 25 संख्या से प्रेरित होकर चांदी की 25 सबसे छोटी हॉकी और 25 गेंदें तैयार की हैं.

इन सभी कलाकृतियों का आकार मात्र 2 मिलीमीटर है, जबकि गेंदों का साइज केवल 1 मिलीमीटर का है.इन्हें नंगी आंखों से देख पाना मुश्किल है और देखने के लिए लेंस का सहारा लेना पड़ता है.डॉक्टर सक्का ने इन बेहद बारीक कलाकृतियों को एक हरे रंग के छोटे हॉकी मैदान में सजाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया है. उन्होंने बताया कि इन कलाकृतियों को तैयार करने में उन्हें करीब तीन दिन का समय लगा.
सक्का ने कहा कि भारतीय हॉकी देश का गौरव है और इस खेल का 100वां वर्ष पूरा होना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है.उन्होंने अपनी कला के माध्यम से इस ऐतिहासिक अवसर को खास और यादगार बनाने का प्रयास किया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने इस बाबत देश के खेल मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर अवगत कराया है और उनसे इन कलाकृतियों को शताब्दी समारोह में प्रदर्शित करने की अनुमति मांगी है.डॉक्टर सक्का इससे पहले भी कई बार अपनी लघु कलाओं से विश्व स्तर पर पहचान बना चुके हैं. उन्होंने सबसे छोटी सोने की अंगूठी, सबसे छोटी कुरान और लघु ताजमहल जैसी कई कलाकृतियां बनाकर रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं.भारतीय हॉकी के सौ साल पूरे होने पर डॉक्टर सक्का की यह अनोखी कलाकृति न केवल उनकी कला का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे एक कलाकार अपने हुनर से देश के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है.


