Breaking Newsउत्तर प्रदेश
कृषि कानूनों को लेकर BJP सांसद मनोज तिवारी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले-राहुल गांधी हैं दुनिया के सबसे ‘कन्फ्यूज नेता’

सुल्तानपुर | नए कृषि कानूनों को लेकर जारी किसान आंदोलन के बीच भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दुनिया के सबसे ‘कन्फ्यूज नेता’ हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी को नए कृषि कानूनों की जानकारी ही नहीं है।
सांसद मनोज तिवारी ने ये बातें सोमवार शाम सुल्तानपुर में कहीं। वह वहां एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। उन्होंने कहा कि संसद द्वारा पारित कृषि कानूनों को पंजाब छोड़कर सभी राज्यों ने स्वीकार कर लिया है। केंद्र सरकार आंदोलनरत किसानों की हर बात सुनने और विचार करने को तैयार है।
भाजपा सांसद ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर आंदोलनरत किसानों से बात करना चाहते हैं। किसान नेताओं को तीन दिसम्बर को बातचीत के लिए आमंत्रित भी किया गया है। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल कृषि कानूनों को लेकर देश में भ्रम फैला रहे हैं। किसानों से झूठ बोलकर उन्हें भड़का रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। नए कृषि कानूनों से किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा।
उधर,कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 6 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का हल्ला बोल जारी है। पंजाब और हरियाणा से आए हजारों किसान दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हुए हैं और लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाजीपुर-गाजियाबाद बॉर्डर पर किसान डेरा जमाए हुए हैं। इस बीच बड़ी खबर है कि सिंघु बॉर्डर पर बीते शुक्रवार को पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच हुए झड़प को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस ने सिंधु बॉर्डर पर प्रदर्शन के दौरान झड़प मामले में पुलिस को अपनी ड्यूटी निभाने से रोकने समेत अन्य धाराओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।