Breaking Newsराष्ट्रीय
Cyclone Update: शाम तक बंगाल तट से टकराएगा एम्फन, अगले 6-7 घंटे काफी महत्वपूर्ण
Cyclone Update: शाम तक बंगाल तट से टकराएगा एम्फन, अगले 6-7 घंटे काफी महत्वपूर्ण

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात एम्फन ओडिशा के पारादीप से 120 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में केंद्रीत है। एम्फन सुपर साइक्लोन से अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान (Extremely Severe Cyclonic Storm) में तब्दील हो गया है। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने कहा कि यह चक्रवात 18-19 किलोमीटर प्रतिघंटा के रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के के ताजा अपडेट के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे समुद्री चक्रवात एम्फन के लैंडफॉल से पहले ओडिशा में कहर दिखना शुरू हो गया है। पारादीप में इस वक्त 102 किलोमीटर प्रति घंटा के रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। चांदबली में हवा की रफ्तार 74 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके बालासोर में 61 किलोमीटर प्रति घंटा और पुरी में 41 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
बंगाल तट पर पहुंचने के दौरान तेज हवाओं के साथ राज्य के तटीय जिलों में भारी बारिश और 4 से 5 मीटर की समुद्री लहरें उठने के आसार हैं। बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और कोलकाता के जिले प्रभावित होने की उम्मीद है। इससे भारी तबाही की आशंका हैै। केंद्र सरकार ने संबंधित राज्यों को सतर्क करते हुए भारी तबाही की चेतावनी दी है।