दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 का परिणाम घोषित होने के बाद मंगलवार देर रात महरौली से नवनिर्वाचित आम आदमी पार्टी विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमले से हड़कंप मचा हुआ है। इस हमले में गोली लगने से कार में मौजूद अशोक मान नाम के कार्यकर्ता की मौत हो गई और अन्य कार्यकर्ता हरेंद्र के पेट में गोली लगी, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस की मानें तो यह हत्या निजी दुश्मनी का परिणाम है और इसका राजनीति से कोई तालुल्क नहीं है।
दक्षिण पूर्व के डीसीपी इंगित प्रताप सिंह के मुताबिक, हमले में एक ही शख्स शामिल था और उसके निशाने पर AAP विधायक नरेश यादव नहीं थे। हमलावर ने टारगेट करके अशोक मान पर हमला किया था, जिसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार हमलावर की निजी दुश्मनी थी। आरोपित के भतीजे को वर्ष 2019 में गोली मारी गई थी। आरोपी को 2019 की घटना के पीछे मृतक का शक था। उसने अशोक मान को 15 दिन पहले धमकी भी दी थी।