Breaking Newsउत्तर प्रदेशमुरादनगरराष्ट्रीयहमारा गाजियाबाद
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में लगा प्रशासन 29 को आएंगे
मुरादनगर। 29 जनवरी शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मुरादनगर आगमन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर है। हालांकि जिला अधिकारी ने कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की है लेकिन प्रशासनिक अमले की हलचल भागदौड़ बता रही है कि मुख्यमंत्री यहां पहुंच सकते हैं। पार्टी स्तर से कुछ कार्यकर्ताओं ने किसान नेशनल इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी देते हुए लोगों से पहुंचने की अपील की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री इससे पहले मेरठ फिर गाजियाबाद आए थे तब भी कहा गया था कि मुख्यमंत्री मुरादनगर आएंगे लेकिन वह यहां नहीं आए और मुख्यमंत्री को क्षेत्र में देखने की क्षेत्रवासियों की इच्छा पूरी नहीं हुई। पुलिस प्रशासन के अधिकारी दिन भर मुरादनगर में डटे रहे उन्होंने गंग नहर स्थित श्री हंस इंटर कॉलेज तथा नगर के किसान नेशनल इंटर कॉलेज का मुआयना किया तथा हेलीपैड आदि के बारे में अधीनस्थों उच्चाधिकारियों से मंत्रणा की। हालांकि अभी चुनावी रैलियों के लिए चुनाव आयोग ने अनुमति नहीं दी है लेकिन बताया जा रहा है कि वह यहां प्रबुद्ध जनों से मुलाकात करेंगे दर-दर वोट की अपील किए जाने की भी उम्मीद है। भाजपा के कुछ कार्यकर्ता जनसभा की सूचना दे रहे हैं लेकिन उसके बारे में कोई अधिकारी बोलने के लिए तैयार नहीं है। खुफिया विभाग ने भी इस बारे में जानकारी जुटाना प्रारंभ कर दिया है क्योंकि यहां उखलारसी श्मशान घाट हादसे को लेकर महिलाओं का आंदोलन भूख हड़ताल धरना चल रहा है ।इस विषय में भी पूरी जानकारी एजेंसियां एकत्र कर रही हैं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना से भाजपा कार्यकर्ता गदगद दिखलाई दे रहे हैं। लेकिन एक सवाल भी खुद ही उठा रहे हैं कि क्या वह आएंगे ।इस विषय में जिलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जैसी सूचनाएं मीडिया द्वारा मिल रही है ऐसी ही उनके पास हैं कार्यक्रम के बारे में अभी कोई सरकारी इस स्तर से जानकारी नहीं आई है।