Breaking Newsउत्तर प्रदेशराष्ट्रीयहमारा गाजियाबाद
मुख्यमंत्री का मुरादनगर में आगमन भाजपा प्रत्याशी के लिए करेगा बूस्टर डोज का काम

आप अभी तक
गाजियाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का आगमन भाजपा के प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी के लिए बूस्टर डोज साबित हो सकता है।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक और जिले की राजनीति के कद्दावर नेता राजपाल त्यागी के पुत्र अजीत पाल त्यागी को मैदान में उतारा है। अजीत पाल त्यागी के सामने सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी चुनाव लड़ रहे हैं। सुरेंद्र कुमार मुन्नी तीन बार विधायक रहे हैं और कई बार चुनाव लड़ चुके हैं। वे चुनावी रणनीति बनाने में माहिर माने जाते हैं। कांग्रेस ने यहां अपने जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव को आजमाया है जबकि बसपा ने गैर राजनीतिक और एक अनजान चेहरे को प्रत्याशी बनाया है।
किसान आंदोलन के चलते किसानों के एक वर्ग में सत्तारूढ़ भाजपा के प्रति नाराजगी है जो भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी के लिए भारी साबित हो सकती है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज मुरादनगर का दौरा बाजी पलटने वाला होगा जो अजीत पाल त्यागी के लिए बूस्टर डोज का काम करेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ साथ प्रशासन ने भी कल शाम से युद्ध स्तर पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारी शुरू कर दी थी। हेलीपैड बनाने के साथ-साथ शहर में रातों-रात सफाई कार्य किया गया और कहीं भी कूड़ा नहीं छोड़ा गया है।
भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी के समर्थकों का कहना है कि उनकी जीत इस बार भी तय है। थोड़ी बहुत कहीं कमी थी तो उसे आज मुख्यमंत्री का आगमन पूरी कर देगा। मुख्यमंत्री के आगमन की खबर से भाजपाइयों में जोश का माहौल है और वह स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं।